प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर शुरू हुआ मोबाइल व एक्सेसरीज कियोस्क, यात्रियों को मिलेगी तत्काल सुविधा

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर शुरू हुआ मोबाइल व एक्सेसरीज कियोस्क, यात्रियों को मिलेगी तत्काल सुविधा

प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर शुरू हुआ मोबाइल व एक्सेसरीज कियोस्क, यात्रियों को मिलेगी तत्काल सुविधा

प्रयागराज, 27 जुलाई । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर मोबाइल एवं एक्सेसरीज़ कियोस्क का शुभारंभ किया है। इस नई सुविधा से यात्रियों को यात्रा के दौरान आवश्यक मोबाइल उपकरण और अन्य उपयोगी वस्तुएँ स्टेशन परिसर में ही आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरी मोहन के निर्देशन में स्थापित यह कियोस्क भारतीय रेलवे की गैर-किराया आय (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कियोस्क का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से पाँच वर्ष की अवधि के लिए किया गया है।

इस कियोस्क पर मोबाइल फोन, चार्जर, हेडफोन, ईयरबड्स, ब्लूटूथ स्पीकर, पावर बैंक, स्क्रीन प्रोटेक्टर, मोबाइल कवर, मेमोरी कार्ड, फोन स्टैंड सहित विभिन्न मोबाइल एक्सेसरीज़ उपलब्ध हैं। इसके अलावा सिम कार्ड और रिचार्ज सेवा, मनी ट्रांसफर सुविधा, बच्चों के खिलौने, टेडी बियर, उपहार सामग्री, फूल तथा सजावटी पौधों सहित अन्य उपयोगी वस्तुओं की भी बिक्री की जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री को चार्जर, हेडफोन या अन्य मोबाइल एक्सेसरी की अचानक आवश्यकता पड़ती है तो अब उसे स्टेशन से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा समय की बचत के साथ यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि, "प्रयागराज मंडल यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर शुरू किया गया यह मोबाइल एवं एक्सेसरीज़ कियोस्क यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर स्थापित किया गया है। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही जरूरी सामान आसानी से उपलब्ध होगा, वहीं भारतीय रेलवे की गैर-किराया आय में भी वृद्धि होगी। भविष्य में भी मंडल यात्री सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन परिसरों में ऐसी उपयोगी सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।"