PM मोदी का संदेश- अच्छा चरित्र ही सम्मान, विश्वास और प्रभावी नेतृत्व की सबसे मजबूत नींव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर साझा किए गए एक संस्कृत सुभाषितम् के माध्यम से अच्छे चरित्र, ईमानदारी, विनम्रता और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया
नई दिल्ली, 27 जुलाई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक्स पर एक सुभाषितम् साझा करते हुए समाज में अच्छे चरित्र के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शीलवान व्यक्ति न केवल समाज में सम्मान प्राप्त करता है, बल्कि उसे हर प्रकार की जिम्मेदारी निभाने के योग्य भी माना जाता है। प्रधानमंत्री ने अच्छे चरित्र को स्थायी सफलता, प्रभावी नेतृत्व और विश्वास की वास्तविक नींव बताया।
वह सुभाषितम् है- "शीलवान् पूजितो लोके शीलवान् साधुसम्मतः। शीलवान् सर्वकर्मार्हः शीलवान् प्रियदर्शनः॥" प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अच्छे चरित्र वाला व्यक्ति समाज में सम्मान और सज्जनों का आदर प्राप्त करता है। ईमानदारी, विनम्रता और अनुशासित आचरण ऐसे व्यक्ति को प्रत्येक दायित्व के निर्वहन के योग्य बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट चरित्र वाले व्यक्ति का व्यक्तित्व प्रेरणादायी होता है और उसका आचरण दूसरों के लिए अनुकरणीय बन जाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अच्छा चरित्र ही स्थायी सफलता, प्रभावी नेतृत्व और दीर्घकालिक विश्वास की सबसे मजबूत आधारशिला है।