PM Modi के 25 साल पूरे होने पर कोलकाता में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ शुरू, शुभेंदु अधिकारी ने किया शुभारंभ

नेताजी इंडोर स्टेडियम में दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत, मुख्यमंत्री ने कहा- मोदी की कार्यशैली और ‘प्रधान सेवक’ की भावना देश के लिए प्रेरणा

PM Modi के 25 साल पूरे होने पर कोलकाता में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ शुरू, शुभेंदु अधिकारी ने किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशासनिक प्रमुख (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे करने पर देश भर में विभिन्न प्रकार के आयोजन हो रहे हैं। इस सुदीर्घ और सफल कार्यकाल का जश्न मनाने के लिए देशभर में 'सेवा ज्योति यात्रा' कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में बुधवार सुबह कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री के कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा, "वह (नरेंद्र मोदी) खुद को प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि 'प्रधान सेवक' कहते हैं। वह यह सिर्फ कहते नहीं हैं, बल्कि उसी भावना के साथ अपना काम भी करते हैं। मोदी जी हम सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं।"

नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विशाल स्क्रीन (जायंट स्क्रीन) के माध्यम से राष्ट्र के नाम प्रधानमंत्री का संबोधन सीधा प्रसारित किया गया, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सुना और देखा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर राज्य के लगभग सभी मंत्री और प्रदेश भाजपा के कई शीर्ष नेता भी उपस्थित थे।