देवा मेले में ‘परिधान-ए-अवध’ का जलवा, रैंपवॉक पर बिखरे संस्कृति के रंग

देवा मेले में ‘परिधान-ए-अवध’ का जलवा, रैंपवॉक पर बिखरे संस्कृति के रंग

देवा मेले में ‘परिधान-ए-अवध’ का जलवा, रैंपवॉक पर बिखरे संस्कृति के रंग

बाराबंकी, 05 नवंबर । उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में देवा मेले में आयोजित ‘परिधान-ए-अवध’ फैशन शो आकर्षण का केंद्र रहा। महिला और पुरुष मॉडलों ने शानदार रैंपवॉक के जरिए अवध की समृद्ध संस्कृति, सूफी परंपरा, नवाबी तहजीब और आधुनिक फैशन का खूबसूरत संगम प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के पहले राउंड में पुरुष मॉडलों ने पंचतत्वों पर आधारित विशेष वेशभूषा का प्रदर्शन किया। इसके माध्यम से प्रकृति, सृष्टि और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया गया। प्रस्तुति में सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के प्रेम, मानवता और आपसी भाईचारे के संदेश को भी प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।

महिला मॉडलों ने आकर्षक साड़ियों, एथनिक परिधानों और फ्यूजन ड्रेस में रैंप पर जलवा बिखेरा। वहीं पुरुष मॉडलों ने कोर्ट सूट, जींस-शर्ट और शेरवानी में अपनी प्रस्तुति दी। परिधानों की आकर्षक डिजाइनिंग और मॉडलों के आत्मविश्वास ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

फैशन शो में मिस यूनिवर्स उत्तर प्रदेश तानिष्का शर्मा समेत कई महिला एवं पुरुष मॉडलों ने प्रतिभाग किया। पारंपरिक और आधुनिक परिधानों के अनूठे मेल ने कार्यक्रम को खास बना दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम की संयोजक मेला कमेटी सदस्य रानी मृणालिनी सिंह रहीं, जबकि संचालन प्रवक्ता आशीष पाठक ने किया। ‘परिधान-ए-अवध’ ने फैशन के माध्यम से अवध की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सद्भाव का संदेश देकर मेले की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया।