मॉनसून में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, हर स्तर पर रहें सतर्क रेलवे अधिकारी: नरेश पाल सिंह
मॉनसून में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, हर स्तर पर रहें सतर्क रेलवे अधिकारी: नरेश पाल सिंह
प्रयागराज, 22 जुलाई मॉनसून के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह की अध्यक्षता में बुधवार काे उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्यालय के सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों तथा तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में महाप्रबंधक ने कहा कि बारिश के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को सुचारू बनाए रखना उत्तर मध्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह जानकारी बुधवार को विभाग के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए और किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पहले से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।
महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय अधिकारी स्वयं संवेदनशील रेल खंडों का स्थलीय निरीक्षण करें और वहां की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाएं। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए राहत सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा 'मॉनसून वैगन' को पूरी तरह तैयार और सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मौसम में अचानक बदलाव और भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए फ्लैश फ्लड जैसी परिस्थितियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही रेल पुलों और पुलियों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए, ताकि नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर से रेल पटरियों एवं संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक की मजबूती बनाए रखने के लिए बैलास्ट, ड्रेनेज सिस्टम और जल निकासी व्यवस्था का गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैक के आसपास जलभराव की स्थिति किसी भी हाल में नहीं बनने दी जाए तथा सिग्नलिंग प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए रखरखाव दल चौबीसों घंटे सतर्क रहे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मॉनसून अवधि के दौरान सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध रेल यात्रा का लाभ मिलता रहे।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर मध्य रेलवे की टीमें समन्वित प्रयासों और समयबद्ध कार्रवाई के माध्यम से मॉनसून के दौरान भी सुरक्षित एवं सुचारू रेल संचालन की परंपरा को कायम रखेंगी।