नोएडा में साइबर अपराधियों का बड़ा जाल, 10 लोगों से 79.25 लाख रुपये की ठगी

नोएडा में साइबर अपराधियों का बड़ा जाल, 10 लोगों से 79.25 लाख रुपये की ठगी

नोएडा, 05 अगस्त । उत्तर प्रदेश के नोएडा में विभिन्न जगहों पर रहने वाले 10 लोग साइबर अपराधियों के शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने उनसे 79.25 लाख रुपए की ठगी कर ली। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि छतर सिंह ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्रेटर नोएडा के रहने वाले हैं। पीड़ित के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने उनके मोबाइल फोन को हैक करके 7 लाख 79 हजार रुपए उनके खाते से निकाल लिया है। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को शिवराज सिंह भंडराल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह एनएसजी सोसायटी ग्रेटर नोएडा में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार अज्ञात साइबर अपराधियों ने टेलीग्राम एप के माध्यम से लाइक करने के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा मोटी रकम मुनाफे में देने का वादा किया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने अपने जाल में फंसाकर उनसे 6 लाख 11 हजार रुपए की ठगी कर ली है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को गौरव कुमार ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ लोगों ने उसे फोन किया तथा एक लिंक भेजा। उन्होंने कहा कि अगर तुम्हें अपने अकाउंट में पैसे चाहिए तो एक क्यूआर कोड को स्कैन करो। जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो उन्हें धमकी दी कि तुम्हारी आपत्तिजनक तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने धमकी देकर उनसे 6.8 लाख रुपया अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक अन्य मामले में बीती रात को कमल कुमार पुत्र रामलाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर -2 में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने उनकी कंपनी के सर्वर में अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया। ग्राहकों का डाटा हासिल करके ग्राहकों के डिजिटल गोल्ड निवेश की जानकारी हासिल की तथा उसे बेचकर 6 लाख 69 हजार 386 रुपए की ठगी कर ली। डीसीपी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुभाष पाटिल ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह नोएडा के सेक्टर 27 में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड मुंबई के कर्मचारी बनकर उनसे संपर्क किया तथा क्रेडिट कार्ड के पॉइंट बढ़ाने का लालच देकर एक लिंक भेजा। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन को हैक कर लिया तथा उनके खाते से 5.3 लाख रुपया निकाल लिया। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को विक्रांत साहीवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया तथा ऑनलाइन निवेश कर मोटा मुनाफा करने का लालच दिया। पीड़ित उनके झांसी में आ गए तथा साइबर अपराधियों ने विभिन्न बाल में उनसे 22 लाख 50 हजार रुपए अपने विभिन्न खातों में डलवा लिया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसकी रकम हड़प ली। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अरविंद ओझा पुत्र नागेंद्र ओझा ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया तथा शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के नाम पर अपने जाल में फंसाया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनसे 6 लाख 67 हजार रुपए अपने खाते में डलवा लिया। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को कपिल मखीजा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा उनसे विभिन्न बार में अपने खाते में 5 लाख 28 हजार रुपए डलवा लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अजय सिंह ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनकी कंपनी के बैंक खाते से अवैध रूप से 5 लाख 8 हजार रुपए निकाल लिया है। उन्होंने बताया कि उन्हें एक मोबाइल एप्लीकेशन भेजा गया। आरोपियों ने उनके मोबाइल को हैक कर उनके खाते से रकम निकाल ली। डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को अनीश ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उन्हें अश्लील फोटो भेज कर उन्हें धमकाया तथा ब्लैकमेल करके उनके खाते से 6 लाख 31हजार रुपए अपने खाते में डलवा लिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।