निरंकारी संत समागम के लिए 50 ट्रेनों को भोडवाल माजरी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव, ऊंचाहार एक्सप्रेस और जम्मू मेल भी शामिल
निरंकारी संत समागम के लिए 50 ट्रेनों को भोडवाल माजरी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव, ऊंचाहार एक्सप्रेस और जम्मू मेल भी शामिल
प्रयागराज, 17 सितंबर । 79वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 20 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक स्टेशन पर दो मिनट रुकेंगी। इनमें प्रयागराज संगम से चंडीगढ़ और चंडीगढ़ से प्रयागराज संगम के बीच चलने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस तथा सूबेदारगंज से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जाने वाली जम्मू मेल भी शामिल हैं।
रेल प्रशासन के मुताबिक भोडवाल माजरी स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस, पुणे-जम्मू तवी झेलम एक्सप्रेस, खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस, आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस, केरल संपर्क क्रांति, नेताजी एक्सप्रेस, गोवा संपर्क क्रांति, स्वराज एक्सप्रेस, सर्वोदय एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
ऊंचाहार एक्सप्रेस (14217) भोडवाल माजरी स्टेशन पर सुबह 5:22 से 5:24 बजे तथा वापसी में ट्रेन संख्या 14218 शाम 7:14 से 7:16 बजे तक रुकेगी। वहीं जम्मू मेल (20433) सूबेदारगंज से कटड़ा जाते समय रात 9:28 से 9:30 बजे और वापसी में ट्रेन संख्या 20434 रात 2:13 से 2:15 बजे तक ठहरेगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस (NTES) ऐप का उपयोग करें।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि “निरंकारी संत समागम में आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की नवीनतम जानकारी 139 या एनटीईएस के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।”