एनसीसी कैडेट्स ने किया ऐतिहासिक प्रयागराज किले का भ्रमण, भारत की प्राचीन सभ्यता से हुए रुबरु
-किले के उन महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण कराया गया, जो सामान्य रूप से आम लोगों के लिए खुले नहीं खुलते हैं।
प्रयागराज, 02 अगस्त। राष्ट्र निर्माण योजना के अंतर्गत 15 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स ने रविवार को प्रयागराज के ऐतिहासिक किले का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान कैडेट्स ने भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य कैडेटों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव, ऐतिहासिक चेतना तथा जिम्मेदार नागरिकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
विंग कमांडर देबार्थो धर ने बताया कि भ्रमण में 15 यूपी बटालियन के 20 सीनियर डिवीजन (एसडी) और 20 सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) कैडेट शामिल हुए। कैडेटों ने किले के भीतर स्थित पवित्र अक्षयवट, प्राचीन पातालपुरी मंदिर, सरस्वती कुंड, ऐतिहासिक अशोक स्तंभ, राष्ट्रपति व्यू प्वाइंट तथा अक्षयवट तक जाने वाले भूमिगत मार्ग का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्हें रंग महल और किले के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण कराया गया, जो सामान्य रूप से आम लोगों के लिए खुले नहीं रहते।
उन्होंने बताया कि ओडी फोर्ट के कमांडेंट ने कैडेट्स को प्रयागराज किले के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और पुरातात्विक विशेषताओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मुगल सम्राट अकबर द्वारा किले के निर्माण, भारत की प्राचीन सभ्यता से इसके संबंध तथा सम्राट अशोक की गौरवशाली विरासत पर भी प्रकाश डाला ।
जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता विंग कमांडर देबार्थो धर के अनुसार यह शैक्षणिक भ्रमण राष्ट्र निर्माण योजना के उद्देश्यों के अनुरूप कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, ऐतिहासिक जागरूकता और राष्ट्रीय दायित्वबोध को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कैडेटों ने इस भ्रमण को प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक और अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि इससे उन्हें देश की समृद्ध विरासत को समझने और उसके संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास हुआ।