वाराणसी : मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर 31 जुलाई से लमही में तीन दिवसीय समारोह
वाराणसी : मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर 31 जुलाई से लमही में तीन दिवसीय समारोह
वाराणसी, 30 जुलाई। कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली लमही में 31 जुलाई से तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान की ओर से आयोजित इस समारोह का शुभारंभ राष्ट्रीय परिसंवाद से होगा।
समारोह के पहले दिन, 31 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे आयोजित प्रथम सत्र की अध्यक्षता बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। ‘प्रेमचंद : मेरे लिए’ विषय पर केंद्रित इस सत्र में प्रख्यात कवि प्रोफेसर अरुण कमल (पटना), वरिष्ठ कथाकार अखिलेश (लखनऊ) तथा आलोचक प्रोफेसर आशुतोष कुमार (दिल्ली) अपने विचार रखेंगे। इसके अतिरिक्त बीएचयू कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रोफेसर सुषमा घिल्डियाल भी संबोधित करेंगी।
दूसरा सत्र अपराह्न दाे बजे ‘प्रेमचंद की पत्रकारिता’ विषय पर आयोजित होगा। इस सत्र की अध्यक्षता प्रोफेसर आफ़ताब अहमद करेंगे। प्रोफेसर आशीष त्रिपाठी, प्रोफेसर अनुराग दवे, प्रोफेसर प्रभाकर सिंह तथा डॉ. अविनाश कुमार सिंह अपने व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।
समारोह के समन्वयक एवं मुंशी प्रेमचंद स्मारक एवं शोध संस्थान (लमही) के प्रोफेसर नीरज खरे ने गुरुवार को बताया कि दूसरे दिन एक अगस्त को स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए प्रेमचंद के साहित्य पर आधारित निबंध, प्रश्नोत्तरी (क्विज़) और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समारोह का समापन दाे अगस्त को होगा। अंतिम दिन बीएचयू के छात्र प्रेमचंद की रचनाओं पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत करेंगे। इसी अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।