एमएलएन मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन, बुजुर्ग महिला के पेट से निकाली 3.5 किलो की सिस्ट

एमएलएन मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन, बुजुर्ग महिला के पेट से निकाली 3.5 किलो की सिस्ट

एमएलएन मेडिकल कॉलेज में जटिल ऑपरेशन, बुजुर्ग महिला के पेट से निकाली 3.5 किलो की सिस्ट

प्रयागराज, 19 नवंबर । ब्रॉड लिगामेंट सिस्ट महिलाओं में होने वाली अपेक्षाकृत दुर्लभ गांठ है। इसका आकार बढ़ने पर पेट में दर्द, भारीपन और आसपास के महत्वपूर्ण अंगों पर दबाव पड़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। समय पर जांच और उचित उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

यह जानकारी मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की यूनिट इंचार्ज डॉ. अमिता यादव ने दी। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर एक बुजुर्ग महिला के पेट से करीब 3.5 किलोग्राम वजन की विशाल सिस्ट सफलतापूर्वक निकाली है। डॉ. अमिता यादव ने बताया कि सिस्ट का आकार लगभग 22×22 सेंटीमीटर था। महिला लंबे समय से पेट में दर्द, भारीपन और पेट का आकार बढ़ने की परेशानी से जूझ रही थीं। आवश्यक जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। सिस्ट का आकार काफी बड़ा होने और आसपास के महत्वपूर्ण अंगों से जुड़े होने के कारण सर्जरी चुनौतीपूर्ण थी। चिकित्सकों की टीम ने पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन कर सिस्ट को बाहर निकाला। इससे महिला को लंबे समय से हो रही परेशानी से राहत मिली है। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति संतोषजनक है।

इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व यूनिट इंचार्ज डॉ. अमिता यादव ने किया। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. आर. परिहार, डॉ. ऐमन अब्बासी, डॉ. अपर्णा और जूनियर रेजिडेंट डॉ. आंचल शामिल रहीं। डॉ. अमिता यादव ने बताया कि इस तरह की गांठ का समय रहते पता लगना और उचित उपचार होना बेहद जरूरी है। ऑपरेशन की सफलता से एक बार फिर विभाग की चिकित्सकीय दक्षता और जटिल स्त्री रोगों के उपचार की क्षमता सामने आई है।