राष्ट्रीय लोक अदालत का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार वाहन

- हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

राष्ट्रीय लोक अदालत का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा प्रचार वाहन

मीरजापुर, 18 अगस्त। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जनपद में विधिक जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। आमजन को सुलभ, त्वरित और सौहार्दपूर्ण न्याय की जानकारी देने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ का प्रचार वाहन मंगलवार को मीरजापुर पहुंचा। प्रभारी जनपद न्यायाधीश जितेंद्र यादव और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आनंद कुमार द्वितीय ने न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों की मौजूदगी में वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रचार वाहन जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक करेगा। इसके जरिए लोगों को बताया जाएगा कि लोक अदालत में आपसी सहमति से विवादों का सरल और त्वरित समाधान कराया जा सकता है। इससे वादकारियों का समय और धन दोनों बचते हैं तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है।

अभियान के दौरान शमनीय आपराधिक वाद, सिविल एवं पारिवारिक विवाद, बैंक ऋण संबंधी मामले, विद्युत व दूरसंचार प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद समेत अन्य उपयुक्त मामलों के लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण की जानकारी दी जाएगी।

प्रभारी जनपद न्यायाधीश जितेंद्र यादव ने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने पात्र वादकारियों से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन मामलों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मीरजापुर से संपर्क करें। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए जिले में विधिक जागरूकता और प्रचार-प्रसार अभियान लगातार जारी रहेगा।