मीरजापुर जिला कारागार का DM-SP ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को परखा
मीरजापुर जिला कारागार का DM-SP ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को परखा
मीरजापुर, 21 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने शनिवार को जिला कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बैरकों की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा इंतजाम और बंदियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने पुरुष और महिला बैरकों का निरीक्षण कर बंदियों के रहने, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उनके मानवाधिकारों का ध्यान रखते हुए कारागार परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का समय से निस्तारण करने पर भी जोर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा उपकरणों और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जेल अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।