मीरजापुर : दांव-पेच से गूंजा मैदान, जनपदीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दम
मीरजापुर : दांव-पेच से गूंजा मैदान, जनपदीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दम
मीरजापुर, 18 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जमालपुर स्थित श्रीमती देवकली इंटर कॉलेज के मैदान में मंगलवार को माध्यमिक विद्यालयी जनपदीय बालक एवं बालिका कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने दांव-पेच आजमाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान मैदान दर्शकों की तालियों से गूंजता रहा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद दुबे ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर किया। सीनियर बालक वर्ग के 57 किलोग्राम भार वर्ग में नगर क्षेत्र के रतन कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। 95 किलोग्राम भार वर्ग में अदलहाट क्षेत्र के प्रियांशु प्रथम रहे। जूनियर वर्ग के 100 किलोग्राम भार वर्ग में अदलहाट के गौरव यादव ने बाजी मारी। 55 किलोग्राम भार वर्ग में जरगो के आयुष ने अदलहाट के महेश कुमार को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 45 किलोग्राम भार वर्ग में जरगो के राजकुमार ने नगर के विपिन कुमार को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया।
सब जूनियर बालक वर्ग के 38 किलोग्राम भार वर्ग में जरगो के सूरज यादव और 40 किलोग्राम भार वर्ग में गंगा क्षेत्र के आनंद यादव प्रथम रहे। बालिका सीनियर वर्ग के 54 किलोग्राम भार वर्ग में अदलहाट क्षेत्र की उजाला और नरगिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सब जूनियर 40 किलोग्राम में अदलहाट क्षेत्र की प्रिया ने बाजी मारी। जूनियर वर्ग के 48 किलोग्राम भार वर्ग में अदलहाट की पलक और 60 किलोग्राम भार वर्ग में निधि प्रथम रहीं। मुकाबलों के दौरान पहलवानों के हर दांव पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका केशव प्रसाद सिंह और सतीश सिंह ने निभाई।