परिजनों ने सड़क हादसे में घायल महिला की मौत को बताया हत्या, प्रदर्शन के बाद मुकदमा दर्ज

परिजनों ने सड़क हादसे में घायल महिला की मौत को बताया हत्या, प्रदर्शन के बाद मुकदमा दर्ज

परिजनों ने सड़क हादसे में घायल महिला की मौत को बताया हत्या, प्रदर्शन के बाद मुकदमा दर्ज

कानपुर, 21 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के गंभीरपुर में सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि यह महज सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या है।

गंभीरपुर निवासी राजेश्वरी देवी (45) अपने दो बेटों और बहू के साथ रहती थीं। उनके पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है। मृतका के बेटे गोविंद का आरोप है कि तीन दिन पहले कंब्रिज चौराहे के पास क्षेत्र के रहने वाले मनीष राजपूत और उसके साथियों से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते रविवार रात मनीष राजपूत ने कथित तौर पर अपना ऑटो राजेश्वरी देवी के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मनीष राजपूत और उसके साथियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया।

एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।