250 करोड़ के साइबर फ्रॉड में 25 हजार का इनामी स्क्रैप कारोबारी गिरफ्तार
250 करोड़ के साइबर फ्रॉड में 25 हजार का इनामी स्क्रैप कारोबारी गिरफ्तार
कानपुर, 25 जुलाई । करीब 250 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के रहने वाले 25 हजार रुपये के इनामी स्क्रैप कारोबारी अंकित गोयल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल नौ आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि इससे पहले पुलिस इस मामले में बैंककर्मियों समेत कई आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान फरार चल रहे राजवीर सिंह और शिवम सिन्हा की गिरफ्तारी के बाद मामले की कड़ियां अंकित गोयल तक पहुंचीं। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे आगरा से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार अंकित गोयल की मुलाकात मुख्य आरोपित राजवीर सिंह से उसके ड्राइवर सतीश पांडेय के माध्यम से हुई थी। जांच में सामने आया कि वह राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली के स्क्रैप कारोबारियों से फर्जी जीएसटी बिल तैयार कराकर इनकम टैक्स रिफंड और ठगी की रकम को इधर-उधर करने में मदद करता था।
तलाशी के दौरान आरोपित के कब्जे से तीन फर्जी फर्मों से जुड़े दस्तावेज मिले। प्रारंभिक जांच में जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 के बीच इन फर्मों के माध्यम से करीब 53 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है। इसके अलावा गाजियाबाद में बीएसएफ जवान की बेटी के बैंक खाते में एक वर्ष के भीतर लगभग 45 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन मिलने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित होने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन पूरी तरह से रीसेट कर उसका डेटा मिटा दिया था। हालांकि डिजिटल और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। खाते की पड़ताल के दौरान कुछ रकम विदेश के एक खाते में ट्रांसफर होने के भी संकेत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियों को विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी और फर्जी जीएसटी क्लेम से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।