कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 34.49 किलो गांजा बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 34.49 किलो गांजा बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार
कानपुर, 21 जुलाई । जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो ट्रॉली बैगों में रखा 34 किलो 490 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक है।
जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-एक स्थित पार्सल लोडिंग क्षेत्र के पास संदिग्ध महिला को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके दोनों ट्रॉली बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान अमीना (काल्पनिक नाम) के रूप में हुई है। उसके साथ एक लगभग 14 वर्षीय किशोरी भी मिली है। महिला किशोरी के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी। इसके बाद महिला पुलिस ने किशोरी से अलग पूछताछ कर उसके परिजनों की जानकारी जुटाई और चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। नियमानुसार किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से लेकर दिल्ली जा रही थी और ट्रेन का इंतजार कर रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजा किसे सप्लाई किया जाना था।