कानपुर सेंट्रल पर धीमी ट्रेनों को बनाता था निशाना, मोबाइल चोर रसीद उर्फ लाला गिरफ्तार; ₹1.50 लाख के फोन बरामद

जीआरपी ने चेकिंग के दौरान हमीरपुर निवासी आरोपी को पकड़ा, उसके कब्जे से दो चोरी के मोबाइल बरामद हुए; रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन धीमी होने का फायदा उठाने का आरोप।

कानपुर सेंट्रल पर धीमी ट्रेनों को बनाता था निशाना, मोबाइल चोर रसीद उर्फ लाला गिरफ्तार; ₹1.50 लाख के फोन बरामद

कानपुर, 05 अक्टूबर । कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेनों की रफ्तार कम होने का फायदा उठाकर यात्रियों का कीमती सामान और मोबाइल चोरी व छिनैती करने वाले शातिर चोर को जीआरपी ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोर के कब्जे से दो चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है।

जीआरपी ने आज हैरिशगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पावर हाउस के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान रसीद उर्फ लाला खान निवासी गुसियारी, थाना कोतवाली मौदहा, हमीरपुर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन के आउटर पर ट्रेन धीमी होने के दौरान यात्रियों के मोबाइल और सामान को निशाना बनाकर चोरी व छिनैती करता था।

पुलिस ने शातिर के पास से दो चोरी के मोबाइल बरामद किए। दोनों मोबाइल जीआरपी कानपुर सेंट्रल में दर्ज मुकदमों से संबंधित हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

जीआरपी के अनुसार रसीद के खिलाफ कानपुर सेंट्रल के दो मामलों के अलावा उसके खिलाफ वर्ष 2019 में जीआरपी चारबाग और 2024 में जीआरपी बांदा में मुकदमे दर्ज हुए हैं।