कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, स्कूली बस में ट्रक ने मारी टक्कर; 4 बच्चों की मौत
ताजमहल देखकर कौशांबी लौट रहे थे बच्चे, 25 घायल; स्कूल प्रबंधक समेत दो की हालत गंभीर, कानपुर रेफर
कन्नौज ( उत्तर प्रदेश) , 24 नवंबर । लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। आगरा से पिकनिक मनाकर लौट रही कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़ गईं। बस में सवार बच्चे अंदर ही फंस गए।
बताया गया कि बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए चालक ने बस एक्सप्रेस-वे किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजिउल्लाह (16), जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। आर्यन और रजिउल्लाह कौशांबी के अफजलपुरवारी मोहब्बतपुर के निवासी थे, जबकि जैद फतेहपुर के निदौरा और अरमान गौरे खकरेड़ के रहने वाले थे। हादसे में स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत नाजुक होने पर उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
स्कूल प्रबंधन के मुताबिक बस में 50 बच्चों समेत शिक्षक और अन्य स्टाफ सवार था। सभी आगरा में ताजमहल देखने गए थे और वापस कौशांबी लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। सुरक्षित बच्चों को दूसरी गाड़ी से कौशांबी भेजने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।