पीएम मोदी के जन्मदिवस पर जूना अखाड़े के मंदिरों में हवन-पूजन, दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना
हरिद्वार के माया देवी और आनंद भैरव मंदिर सहित देशभर के प्रमुख मंदिरों व आश्रमों में विशेष अनुष्ठान; प्रयागराज, अयोध्या, उज्जैन और नासिक में भी हुए आयोजन।
हरिद्वार, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76 वें जन्मदिवस के अवसर पर श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े की ओर से देशभर के प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में विशेष पूजा-अर्चना,हवन और अनुष्ठान किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के निर्देश पर हरिद्वार स्थित पौराणिक सिद्धपीठ माया देवी मंदिर और श्री आनंद भैरव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। प्रमुख पुजारी श्रीमहंत भास्कर पुरी महाराज, महामंडलेश्वर हिमालय पीठाधीश्वर वीरेन्द्रानंद गिरि महाराज, महंत सौरभ पुरी, महंत दिगंबर पुरी, श्रीनाथ पुरी और कोठारी महंत भीष्म गिरि समेत साधु-संतों ने अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
जूना अखाड़े से जुड़े मौज गिरि मंदिर प्रयागराज, गाजियाबाद के दूधेश्वर महादेव मंदिर, लखनऊ के मनकामेश्वर मंदिर, नासिक, उज्जैन, अयोध्या और बरेली समेत देश के विभिन्न प्रमुख मंदिरों एवं आश्रमों में भी विशेष आयोजन किए गए।
श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने कहा कि सनातन की रक्षा तथा देश की उन्नति और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास सराहनीय हैं। उनके नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
महामंडलेश्वर हिमालय पीठाधीश्वर वीरेन्द्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नीतियों को लेकर प्रधानमंत्री की सोच और दृष्टि का वैश्विक स्तर पर प्रभाव पड़ा है।