जौनपुर में धान खरीद की धीमी रफ्तार पर डीएम नाराज, केंद्र प्रभारी और पीसीएफ जिला प्रबंधक से मांगा स्पष्टीकरण
जौनपुर में धान खरीद की धीमी रफ्तार पर डीएम नाराज, केंद्र प्रभारी और पीसीएफ जिला प्रबंधक से मांगा स्पष्टीकरण
धान खरीद में लापरवाही पर जिलाधिकारी नाराज, केंद्र प्रभारी और पीसीएफ जिला प्रबंधक से मांगा स्पष्टीकरण
जौनपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में धान खरीद की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कड़ी नाराजगी जताई है। बक्शा विकासखंड के बी-पैक्स चुरामनपुर धान क्रय केंद्र के औचक निरीक्षण में शनिवार तक महज एक किसान से 10 क्विंटल धान की खरीद होने पर उन्होंने केंद्र प्रभारी और पीसीएफ के जिला प्रबंधक से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों से सरकारी समर्थन मूल्य पर धान खरीद में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के साथ क्रय केंद्र का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में धान खरीद के लिए जरूरी व्यवस्थाएं तो पूरी मिलीं, लेकिन खरीद की प्रगति बेहद धीमी पाई गई। केंद्र पर अब तक केवल एक किसान से 10 क्विंटल धान खरीदा गया था। इस पर जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को संबंधित केंद्र प्रभारी और पीसीएफ के जिला प्रबंधक से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी क्रय केंद्र प्रभारी किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखें और निर्धारित समय पर केंद्रों पर उपस्थित रहकर खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को धान बिक्री में किसी तरह की परेशानी न हो और शासन की निर्धारित क्रय नीति का पूरी तरह पालन किया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि खरीद कार्य में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में 20 नवंबर तक विभिन्न धान क्रय केंद्रों के माध्यम से 253 किसानों से कुल 1,233.78 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए अब तक 4,492 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 2,431 किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी उपज सरकारी क्रय केंद्रों पर ही न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचें। इसके लिए खाद्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण और धान खरीद से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05452-350857 पर संपर्क कर सकते हैं।--