रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां तेज, समिति ने महापौर को सौंपा ज्ञापन
रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां तेज, समिति ने महापौर को सौंपा ज्ञापन
प्रयागराज, 02 जुलाई ।भगवान श्रीजगन्नाथ की 16 जुलाई को प्रस्तावित भव्य रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य बनाने के उद्देश्य से श्री जगन्नाथ महोत्सव समिति ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने महापौर गणेश केसरवानी से मुलाकात कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए ज्ञापन सौंपा।
रथ यात्रा संयोजक राजेश केसरवानी ने महापौर को बताया कि 16 जुलाई को सुबह 10 बजे परंपरागत मार्ग से भगवान श्रीजगन्नाथ जी की विशाल रथ यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और गड्ढों के कारण रथ यात्रा के संचालन में कठिनाई आ सकती है। इसलिए मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर मरम्मत कराई जाए।
ज्ञापन में रथ यात्रा मार्ग की विशेष सफाई, चूने एवं पानी का छिड़काव, सैनिटाइजेशन, लटके हुए विद्युत तारों की मरम्मत तथा पर्याप्त सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा सकुशल संपन्न हो सके।
समिति के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नगर निगम और प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष भी भगवान श्रीजगन्नाथ की रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न होगी। इस अवसर पर सहसंयोजक अजय अग्रहरि, उमेश चंद्र केसरवानी, नीरज केसरवानी, अभिलाष केसरवानी, शत्रुघ्न जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।