प्रयागराज: इंस्टाग्राम वाली 'गर्लफ्रेंड' निकली अपनी ही पत्नी, नागवासुकी मंदिर में मिलने पहुंचा पति और खुल गई पोल

अनोखा हनीट्रैप: अपनी ही पत्नी के बिछाए जाल में फंसा 'रंगीन मिजाज' पति।

प्रयागराज: इंस्टाग्राम वाली 'गर्लफ्रेंड' निकली अपनी ही पत्नी, नागवासुकी मंदिर में मिलने पहुंचा पति और खुल गई पोल

प्रयागराज | संगम नगरी प्रयागराज के दारागंज थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर हर कोई हैरान है। यहाँ एक युवक अपनी जिस 'गर्लफ्रेंड' से मिलने और उसे शादी का वादा करने मंदिर पहुँचा, वह असल में उसकी अपनी ही पत्नी निकली। जैसे ही मंदिर में चेहरे से गमछा हटा, पति के होश उड़ गए और वहां जमकर हंगामा हुआ।

चार साल से चल रहा था विवाद

पूरा मामला प्रयागराज के दारागंज क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, नवाबगंज के जगापुर गांव की रहने वाली सोनी त्रिपाठी की शादी करीब 9 साल पहले प्रतापगढ़ के कालाकांकर निवासी प्रभुदत्त त्रिपाठी उर्फ राजा से हुई थी। सोनी का आरोप है कि पिछले 4 साल से पति और ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल रखा था। वह अपनी 5 साल की मासूम बेटी के साथ मायके में रह रही थी।

इंस्टाग्राम पर रचा गया 'डिजिटल जाल'

पति की 'रंगीन मिजाजी' को पकड़ने के लिए सोनी ने इंस्टाग्राम पर एक नई आईडी बनाई और अपनी पहचान छिपाकर पति से संपर्क किया। प्रभुदत्त अपनी ही पत्नी को नहीं पहचान सका और उसे दूसरी लड़की समझकर बातचीत करने लगा। धीरे-धीरे बातों का सिलसिला प्यार और फिर शादी के वादे तक पहुँच गया।

होटल में मिलने की थी जिद, मंदिर में हुई मुलाकात

बताया जा रहा है कि प्रभुदत्त लगातार सोनी (जिसे वह गर्लफ्रेंड समझ रहा था) पर होटल में मिलने का दबाव बना रहा था। लेकिन सोनी ने चालाकी से उसे दारागंज स्थित नागवासुकी मंदिर में मिलने के लिए राजी कर लिया।

2 मई को प्रभुदत्त अपने एक दोस्त के साथ पूरे जोश में मंदिर पहुँचा। दूसरी ओर, सोनी भी अपने परिजनों के साथ वहां पहले से मौजूद थी। पहचान छिपाने के लिए सोनी ने अपने चेहरे पर गमछा लपेट रखा था।

चेहरा देखते ही भड़का पति, मंदिर में मचा बवाल

जैसे ही प्रभुदत्त के सामने सोनी ने अपना चेहरा खोला, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सच्चाई सामने आते ही प्रभुदत्त भड़क गया और मंदिर परिसर में ही पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने वहां से भागने की कोशिश भी की, लेकिन सोनी के साथ आए परिजनों ने उसे दबोच लिया।

पुलिस की कार्रवाई और चालान

हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और आरोपी पति प्रभुदत्त को हिरासत में ले लिया। दारागंज पुलिस ने सोनी की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी पति का शांति भंग (धारा 151) के तहत चालान किया गया है।