ABVP का NSUI पर बड़ा हमला, आंतरिक कलह और सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप; 7-3-3-3 पैनल पर जोर

डूसू चुनाव में प्रचार तेज होने के बीच अभाविप ने NSUI पर छात्र मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। ABVP ने अपने चार केंद्रीय पैनल प्रत्याशियों और मत क्रमांक भी जारी किए।

ABVP का NSUI पर बड़ा हमला, आंतरिक कलह और सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने का लगाया आरोप; 7-3-3-3 पैनल पर जोर

नई दिल्ली, 14 सितंबर । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने चुनावी अभियान को गति देते हुए मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) पर तीखा हमला बोला है।

अभाविप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन राष्ट्रीय स्तर से लेकर छात्र राजनीति तक धरातल पर विफल साबित हुआ है और अब अपनी अंदरूनी कलह छिपाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।

अभाविप ने दावा किया कि खुद को संविधान का रक्षक बताने वाले संगठन (एनएसयूआई) के लोगों द्वारा झंडे जलाने और अनुशासनहीनता की घटनाएं सामने आई हैं, जो उनके दोहरे चरित्र को उजागर करती हैं। संभावित हार को देखते हुए एनएसयूआई वास्तविक छात्र मुद्दों से ध्यान भटकाने के हथकंडे अपना रही है।

अभाविप दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, "जो संगठन अपने ही कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में असमर्थ है, वह दिल्ली विश्वविद्यालय के हजारों विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी आकांक्षाओं को कैसे संभालेगा? एनएसयूआई को विद्यार्थियों के बीच जाकर उनके मुद्दों पर बात करनी चाहिए, लेकिन वह अपनी अंदरूनी कलह से ध्यान हटाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रम और प्रचार का सहारा ले रही है। इसके विपरीत अभाविप लगातार विद्यार्थियों के बीच जाकर उनकी बात सुन रही है और छात्रहित के मुद्दों को लेकर जमीन पर काम कर रही है। दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अब सब कुछ देख और समझ रहे हैं। इस बार विद्यार्थियों का स्पष्ट समर्थन अभाविप के साथ है और 7-3-3-3 के साथ विद्यार्थी परिषद का पूरा पैनल निर्णायक विजय की ओर बढ़ रहा है।"

उनके अनुसार संगठन के प्रत्याशी और कार्यकर्ता विभिन्न कॉलेजों में जाकर सीधे छात्रों से संवाद कर रहे हैं और परिसर से जुड़ी मूलभूत समस्याओं व अकादमिक मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अभाविप ने डूसू चुनाव के लिए अपने चार सदस्यीय केंद्रीय पैनल के प्रत्याशियों और उनके मत क्रमांक की घोषणा के साथ प्रचार तेज कर दिया है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार यश डबास (मत क्रमांक - 7), उपाध्यक्ष पद के ईशू मौर्य (मत क्रमांक - 3), सचिव पद की रिया छाबड़ी (मत क्रमांक - 3) और संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार लक्ष्यराज सिंह (मत क्रमांक - 3) हैं।