बीएचयू फार्माकोलॉजी विभाग के डॉ. वेद प्रकाश ने मेलबर्न में प्रस्तुत किया शोधपत्र
—लिपिड प्रोफाइल के नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं को बताया
वाराणसी, 22 अगस्त । उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित चिकित्सा विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के फार्माकोलॉजी विभाग के डॉ. वेद प्रकाश ने ऑस्ट्रेलिया में विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है। डॉ. वेद प्रकाश ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित 20वें वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ बेसिक एंड क्लिनिकल फार्माकोलॉजी 2026 में अपने शोधपत्र का सफलतापूर्वक प्रस्तुतिकरण किया।
डॉ. वेद प्रकाश ने डिस्लिपिडीमिक पेशेंट्स में लिपिड-लोअरिंग ड्रग्स की भूमिका एवं प्रभावशीलता” विषय पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया। अपने शोध में उन्होंने डिस्लिपिडेमिया से पीड़ित रोगियों के उपचार में विभिन्न लिपिड-लोअरिंग दवाओं की भूमिका, उनकी प्रभावशीलता तथा लिपिड प्रोफाइल के नियंत्रण से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। शनिवार को यह जानकारी बीएचयू के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। जारी बयान में बताया गया कि मेलबर्न में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्वभर से फार्माकोलॉजी एवं क्लिनिकल फार्माकोलॉजी के विशेषज्ञ, शोधकर्ता एवं शिक्षाविद शामिल हुए। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर डॉ. वेद प्रकाश द्वारा शोधपत्र का प्रस्तुतिकरण आईएमएस, बीएचयू के लिए एक उल्लेखनीय अकादमिक उपलब्धि है। डॉ. वेद प्रकाश की इस उपलब्धि से संस्थान के शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ फार्माकोलॉजी के क्षेत्र में नवीन शोध को भी प्रोत्साहन मिलेगा।