पुलिस झंडा दिवस पर एसपी पलाश बंसल ने फहराया ध्वज, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
पुलिस झंडा दिवस पर एसपी पलाश बंसल ने फहराया ध्वज, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
बांदा, 23 नवंबर । उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस ध्वज फहराया और सलामी दी। इसके बाद पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण का संदेश पुलिसकर्मियों को पढ़कर सुनाया गया।
इस अवसर पर एसपी पलाश बंसल ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। लाल और नीले रंग का पुलिस ध्वज शक्ति, निष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना का प्रतीक है। यह ध्वज पुलिसकर्मियों के आत्मसम्मान और कर्तव्यपरायणता की प्रेरणा है। ध्वज के प्रति सम्मान की भावना उन्हें अपने दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पित होने की प्रेरणा देती है तथा नई ऊर्जा का संचार करती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास और उत्कृष्ट सेवाओं का प्रतीक है। पुलिसकर्मियों को इसकी गरिमा बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक बेलास यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके साथ ही जिले के सभी थानों में भी पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। थाना प्रभारियों ने पुलिस ध्वज को सलामी दी और पुलिस महानिदेशक का संदेश पुलिसकर्मियों को पढ़कर सुनाया।