बांदा पुलिस लाइन में 27वीं जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, आठ जिलों की टीमें दिखाएंगी दमखम
बांदा पुलिस लाइन में 27वीं जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, आठ जिलों की टीमें दिखाएंगी दमखम
बांदा, 23 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस लाइन बांदा के ग्राउंड में सोमवार को प्रयागराज जोन की 27वीं अंतर्जनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन के आठ जनपदों की पुलिस टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बांदा, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, महोबा, हमीरपुर, प्रतापगढ़ और चित्रकूट की पुलिस टीमों ने अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक ने मार्च पास्ट की सलामी ली और सभी टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ ही अनुशासन, टीम भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत करती हैं। सभी खिलाड़ी खेल भावना, उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में आठ जनपदों की टीमें क्रिकेट के मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।