अमेठी में 9 और 10 जुलाई को निकलेगी पूर्व विधायक दादा तेजभान सिंह की अस्थि कलश यात्रा
अमेठी में 9 और 10 जुलाई को निकलेगी पूर्व विधायक दादा तेजभान सिंह की अस्थि कलश यात्रा
अमेठी, 07 जुलाई। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के गढ़ में भगवा लहराने वाले गौरीगंज विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी से चार बार के विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय दादा तेजभान सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 9 एवं 10 जुलाई को दो दिवसीय अस्थि कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान अमेठी जनपद के विभिन्न कस्बों और गांवों में आमजन, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
भाजपा अमेठी के प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने बताया कि पहली अस्थि कलश यात्रा 9 जुलाई को सुबह 8 बजे दादा तेजभान सिंह के पैतृक निवास ग्राम अचलपुर से प्रारंभ होगी। यात्रा हरगांव, जामों, बलभद्रपुर, मवई (उमराडीह), हरदो, बरौलिया, सुजानपुर, भटगवां, मऊ, पूरबगांव, दयालापुर, गौरीगंज, भाजपा जिला कार्यालय, दरपीपुर, मुंशीगंज होते हुए अमेठी पहुंचेगी। इसके बाद अस्थि कलश को प्रयागराज संगम ले जाकर विधि-विधान से विसर्जित किया जाएगा जबकि दूसरी अस्थि कलश यात्रा 10 जुलाई को सुबह 8 बजे भाजपा जिला कार्यालय, गौरीगंज से शुरू होगी। यह यात्रा राजगढ़, दुलापुर, रामगंज, शाहगढ़, कसरावा, पनियार, हरिहरपुर, चन्दौकी, रामशाहपुर, हरदोईया, नन्दमहर, पिंडारा, मुसाफिरखाना, दादरा, चंदीपुर, रंजीतपुर, दुवरिया, गाजनपुर, नारे, कोछित और अढ़नपुर होते हुए शाम 6 बजे भाले सुल्तान स्थित शहीद स्मारक पहुंचेगी, जहां श्रद्धांजलि सभा के साथ यात्रा का समापन होगा।
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि दादा तेजभान सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, सादगी और ईमानदारी की मिसाल कायम की। भाजपा ने सभी कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों से निर्धारित समय पर संबंधित स्थानों पर पहुंचकर अस्थि कलश पर पुष्प अर्पित करने और अपने जननायक को भावभीनी अंतिम विदाई देने की अपील की है। दादा तेजभान सिंह की शनिवार काे राजधानी लखनऊ के एक निजी अस्पताल में मृत्यु हुई है।