बसपा की बूथ समीक्षा में बड़ा सियासी दावा, 30 लोगों ने थामा पार्टी का दामन; 13 सपा छोड़कर हुए शामिल
प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने 2027 की तैयारियों में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का दिया मंत्र, बोले- अमेठी की चारों सीटें जीतेंगे
अमेठी, 15 सितंबर । जिले के विकासखंड भेंटुआ के सेक्टर कोरारी हीरशाह में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से एक दिवसीय सेक्टर एवं बूथ समीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने संगठन की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। सेक्टर के अंतर्गत कुल 11 बूथ हैं।
इस कार्यक्रम में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया । बसपा की इस सेक्टर व बूथ समीक्षा के दौरान 30 लोगों ने सदस्यता ग्रहण किया, जिसमें 13 लोग सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए है ।
प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा सर्वसमाज की पार्टी है और सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करने का काम केवल बसपा ही कर सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की।
विश्वनाथ पाल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा अमेठी की चारों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वर्ष 2027 में बसपा की मजबूती से सपा, भाजपा और कांग्रेस की नींद उड़ जाएगी और बहन मायावती एक बार फिर उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी।
इस दौरान 30 लोगों ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि सदस्यता लेने वालों में 13 लोग समाजवादी पार्टी छोड़कर बसपा में शामिल हुए हैं। संगठनात्मक समीक्षा के लिए आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक भी पहुंचे।
कार्यक्रम में बसपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र मिश्रा, मंडल प्रभारी नन्हे सिंह चौहान, जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार, विधानसभा प्रभारी लक्ष्मण प्रसाद गौतम, जिला संयोजक वामसेफ संजीव भारती, शमशेर बौद्ध, राम अभिलाष बौद्ध, कोषाध्यक्ष कुलरोशन एडवोकेट, सेक्टर अध्यक्ष राजाराम, सेक्टर महासचिव भीमराव बौद्ध सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।