हाईकोर्ट ने नशे में मस्जिद में शराब की बोतल फेंककर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपित की गिरफ्तारी पर रोक लगाई
हाईकोर्ट ने नशे में मस्जिद में शराब की बोतल फेंककर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपित की गिरफ्तारी पर रोक लगाई
प्रयागराज, 01 जुलाई । इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक व्यक्ति को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी है। उस पर आरोप है कि उसने नशे की हालत में मस्जिद में शराब की बोतल फेंकी, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। सुरक्षा देते हुए जस्टिस जेजे मुनीर और जस्टिस अचल सचदेव की बेंच ने कहा कि पहली नज़र में ऐसा लगता है कि चूंकि याचिकाकर्ता नशे की हालत में था, इसलिए उसका धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं रहा होगा।
मामले के अनुसार आजमगढ़ पुलिस ने याचिकाकर्ता- विक्रांत सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 298 किसी वर्ग के धर्म का अपमान करने के इरादे से पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाना या अपवित्र करना के तहत मामला दर्ज किया। आरोप था कि नशे की हालत में उसने शराब की वह बोतल मस्जिद में फेंक दी, जिसे वह पी रहा था।
वहां गिरने पर बोतल टूट गई।
पुलिस का दावा है कि इस हरकत से दूसरे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। संबंधित एफआईआर को चुनौती देने वाली याचिका स्वीकार करते हुए डिवीजन बेंच ने टिप्पणी की कि: "पहली नज़र में याचिकाकर्ता नशे की हालत में था और ऐसा लगता है कि उसका धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं रहा होगा।" बेंच ने प्रतिवादियों को नोटिस भी जारी किए और उन्हें जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया। अब इस मामले में आदेश के लिए 14 जुलाई की तारीख तय की गई है।
बेंच ने निर्देश दिया कि अगले आदेश तक याचिकाकर्ता (विक्रांत सिंह) को इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।