उप्र का माैसम : आगामी सात दिनों में आंधी-बारिश की संभावना, सावधान रहें किसान

उप्र का माैसम : आगामी सात दिनों में आंधी-बारिश की संभावना, सावधान रहें किसान

उप्र का माैसम : आगामी सात दिनों में आंधी-बारिश की संभावना, सावधान रहें किसान

प्रयागराज, 14 जून। उत्तर प्रदेश के पूर्वी एवं पश्चिमी क्षेत्र में आने वाले सात दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। यह पूर्वानुमान रविवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र लखनऊ ने जताया है। उप्र प्रभागीय दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार पूर्वी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 20 जून तक कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 एवं 15 जून को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर 70 किमी प्रति घंटे तक की गति पहुंचने की चेतावनी भी जारी की गई है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने किसानों को सलाह दी है कि मौसम को देखते हुए खेतों में चल रहे कृषि कार्यों की उचित योजना बनाएं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने धान की नर्सरी तैयार कर रखी है, वे जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें तथा तेज हवा और वर्षा के दौरान खेतों में अनावश्यक कार्य करने से बचें।

डॉ. पांडेय ने बताया कि गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए किसान खुले खेतों, पेड़ों के नीचे तथा विद्युत पोलों के समीप खड़े न हों। कटाई के बाद खेतों में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें और पशुओं को भी सुरक्षित आश्रय में बांधकर रखें। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव खरीफ फसलों की तैयारी के लिए लाभकारी हो सकता है, लेकिन किसानों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखनी चाहिए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विज्ञान केंद्र एवं मौसम विभाग द्वारा जारी कृषि मौसम परामर्श का पालन करें, ताकि फसलों और पशुधन को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।