कुशीनगर में ट्रैक्टर व कार में टक्कर, चार की मौत

कुशीनगर में ट्रैक्टर व कार में टक्कर, चार की मौत

कुशीनगर में ट्रैक्टर व कार में टक्कर, चार की मौत

कुशीनगर, 13 जुलाई । उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पटहरेवा थाना क्षेत्र के बगहीकुटी के पास फोर लेन पर एक कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के कारण हुआ।

जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग झारखंड के देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध वैद्यनाथ धाम के दर्शन कर सिद्धार्थनगर अपने घर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान मनोज शर्मा, सुजीत जायसवाल, रामकरन गुप्ता और कैलाश मणि त्रिपाठी के रूप में हुई है, ये सभी सिद्धार्थनगर जिले के निवासी थे।

दुर्घटना में घायल हुए राजेश शर्मा (चालक) पुत्र कृष्ण शर्मा और सुशांत शर्मा पुत्र धीरेन्द्र शर्मा, जो दीनदयाल नगर, सिद्धार्थनगर के निवासी हैं, ने बताया कि वे बीते कल रात लगभग दस बजे झारखंड के देवघर से वैद्यनाथ धाम के दर्शन कर निकले थे। उन्होंने बताया कि लंबी और लगातार यात्रा के कारण चालक को सुबह के वक्त झपकी आ गई, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस हृदयविदारक दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की जान चली गई है, जबकि दो घायल यात्रियों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका समुचित इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में अग्रिम आवश्यक कार्यवाही में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। घटनास्थल पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। इस दुःखद घटना से सिद्धार्थनगर और कुशीनगर दोनों जिलों में शोक की लहर है।