मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे की आहट से बरेली में तेज हुई हलचल
मुख्यमंत्री योगी के प्रस्तावित दौरे की आहट से बरेली में तेज हुई हलचल
बरेली, 2 अगस्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 6 अगस्त को संभावित दौरे की सुगबुगाहट के साथ ही बरेली जिले के प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई है। नगर निगम, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए), स्मार्ट सिटी लिमिटेड समेत सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड में आ गए हैं। विकास कार्यों की फाइलों को अंतिम रूप देने के साथ-साथ फील्ड निरीक्षण भी तेज कर दिए हैं।
पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ नगर निगम व बीडीए के इंजीनियरों की टीमों ने मैदान में डेरा डाल दिया है। विभिन्न स्थलों पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। अधिकारियों को हर स्तर पर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
174 करोड़ की अर्बन हाट तैयार
स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 174 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई अर्बन हाट अब पूरी तरह बनकर तैयार है। यह हाट बरेली की हस्तशिल्प, बुनकरी और लोक कलाओं को नया मंच प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे और जनता को समर्पित करेंगे।
नगर निगम ने सड़क, सीवरेज और स्ट्रीट लाइटिंग से जुड़ी लगभग 100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सूची शासन को भेज दी है। अफसरों की मानें तो ये योजनाएं मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास के लिए तैयार की गई हैं। नगर निगम की टीमें दिन-रात प्रेजेंटेशन और फाइलों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
बीडीए की 900 करोड़ की योजनाएं, रामायण वाटिका बनेगी खास आकर्षण
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने भी बड़ा प्लान तैयार किया है। करीब 900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं में ग्रेटर बरेली टाउनशिप, नई आवासीय योजनाएं और रामायण वाटिका जैसी विशेष योजनाएं शामिल हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री इन योजनाओं का शिलान्यास और प्रस्तुतीकरण कर सकते हैं।
नगर निगम के निर्माण विभाग ने 66.33 करोड़ रुपये की योजनाएं मुख्यमंत्री कार्यक्रम में शामिल कराने को तैयार कर दी हैं। इनमें सीएम ग्रिड योजना (फेज-2) के अलावा 25 लाख रुपये की एक लोकार्पण योजना भी शामिल है, जिसे सीएम के हाथों जनता को समर्पित कराने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री योगी के आगमन से पहले बरेली शहर को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी है। नगर निगम और बीडीए की टीमें शहर की सड़कों की मरम्मत, सफाई, पौधरोपण और सजावट में जुट गई हैं। प्रमुख चौराहों पर एलईडी लाइट्स, वॉल पेंटिंग्स और लैंडस्केपिंग का काम तेजी से किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी चल रही है।