औरैया में किसान का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
औरैया में किसान का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
औरैया, 26 जून । जिले के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रुरुगंज कस्बे में बुधवार रात खेत से घर लौट रहे एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रुरूगंज कस्बा स्थित पेट्रोल पंप के सामने वाली गली निवासी 40 वर्षीय किसान कमलेश प्रजापति बुधवार की रात करीब 9:45 बजे अपने खेत से काम निपटा कर घर लौट रहे थे। अभी वह घर से थोड़ी ही दूरी पर पहुंचे थे कि सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में उनका शव पड़ा मिला।
राहगीरों ने इसकी सूचना तुरंत परिजनों को दी। यह खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर से बाहर निकले परिजनों ने जब कमलेश के शव को देखा तो वहां मौजूद लोगों में भी हाहाकार मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पत्नी कुसमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि कमलेश बुधवार दोपहर से ही घर से निकले थे। परिजनों ने किसी अनहोनी और हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि कमलेश की हत्या कर उसके शव को यहां फेंका गया है।
सूचना मिलते ही बिधूना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मौजूद परिजनों व आसपास के लोगों से जानकारी ली। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मृतक कमलेश के शरीर पर चोट के निशान बने हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।