मऊ के स्टेडियम में नगर विकास मंत्री ने किया याेगाभ्यास

योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है: मंत्री एके शर्मा

मऊ के स्टेडियम में नगर विकास मंत्री ने किया याेगाभ्यास

मऊ, 21 जून । जिला मुख्यालय पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने भी याेगाभ्यास किया।

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिकाें के साथ योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में हुए इस अभ्यास में योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर मंत्री एके शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मन शांत रहता है और व्यक्ति के भीतर नई ऊर्जा एवं स्फूर्ति का संचार होता है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

नगर विकास मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक प्रतिदिन योग का अभ्यास करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई भी दी।

जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को मंत्री ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वालों ने इसे अपने कार्यों के प्रति प्रेरणा और गौरव का क्षण बताया।

डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम ने योग के प्रति लोगों में जागरूकता का असर दिखा। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि योग अब केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।