मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने बदली महेन्द्र कुमार की जिंदगी
स्वयं के व्यवसाय के मालिक बनकर आत्मनिर्भर हुए महेन्द्र, अन्य युवाओं को भी दे रहें रोजगार
प्रयागराज, 11 जून । उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है। इस योजना के माध्यम से युवा न केवल आत्मनिर्भर बन रहे हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं। प्रयागराज जनपद के ग्राम बांका जलालपुर निवासी महेन्द्र कुमार इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल है।
महेन्द्र कुमार का सपना हमेशा से अपना व्यवसाय स्थापित करने का था, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी उनके मार्ग में बाधा बन रही थी। इसी दौरान उन्हें जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और उनका प्रकरण शीघ्र स्वीकृत हो गया।
योजना के अंतर्गत महेन्द्र कुमार को इंडियन बैंक, बांका जलालपुर शाखा के माध्यम से 5 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। साथ ही उन्हें 50 हजार रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ। ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा ने उनके व्यवसाय को मजबूती प्रदान की और उन्होंने “कृष्णा आइसक्रीम” नाम से अपना उद्यम शुरू किया।
आज महेन्द्र कुमार न केवल सफलतापूर्वक अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं, बल्कि अच्छी आय अर्जित करने के साथ-साथ 2 से 4 बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं। अपने व्यवसाय की सफलता से उत्साहित महेन्द्र कुमार कहते हैं कि प्रदेश सरकार की इस योजना ने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महेन्द्र कुमार ने बताया कि स्वयं के व्यवसाय का मालिक बनने का अनुभव उनके लिए बेहद सुखद है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की ऐसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान आज प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए आशा और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रहा है, जिससे युवा नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन रहे हैं।