आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट: आने वाले चार दिनों तक पूर्वी उप्र में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट: आने वाले चार दिनों तक पूर्वी उप्र में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
प्रयागराज, 28 मई प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आने वाले चार दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा । यह चेतावनी गुरुवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग लखनऊ ने चेतावनी जारी की है। यह जानकारी चन्द्र शेखर आजाद कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कृषि एवं मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) लखनऊ केंद्र ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों के लिए आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। जारी बुलेटिन के अनुसार प्रयागराज सहित पूर्वी यूपी में 28 मई से 31 मई तक कई स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 और 29 मई को क्षेत्र में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज झोंकेदार हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी है।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। आईएमडी के मुताबिक 30 और 31 मई को भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। कई जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 1 जून से मौसम के शुष्क होने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने किसानों और आमजन को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवा और आकाशीय बिजली को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रयागराज सहित आसपास के जिलों में मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। संभावित आंधी और बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।