सड़क हादसे रोकने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाने समेत कई प्रस्ताव, मंजूरी के लिए शासन को प्रेषित

सड़क हादसे रोकने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाने समेत कई प्रस्ताव, मंजूरी के लिए शासन को प्रेषित

सड़क हादसे रोकने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाने समेत कई प्रस्ताव, मंजूरी के लिए शासन को प्रेषित

हमीरपुर, 29 मई । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की विधानसभा हमीरपुर एवं राठ विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुरक्षित बनाए जाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा विस्तृत सुरक्षा कार्ययोजना शासन को प्रेषित की गई है। जनपद में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने शुक्रवार को बताया कि हमीरपुर और राठ विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी संभावित दुर्घटना क्षेत्रों को चिन्हित कर, वहां आधुनिकतम सुरक्षा उपकरण व संकेतक लगाने की विस्तृत कार्ययोजना शासन को भेजी गई है।



जेब्रा क्रॉसिंग

शहरी एवं ग्रामीण बाजारों तथा प्रमुख चौराहों पर पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराया जाएगा। रात्रि के समय एवं घने कोहरे के दौरान वाहन चालकों को सड़क की सही दिशा दिखाने हेतु मार्ग के मध्य एवं किनारों पर उच्च गुणवत्ता वाले चमकदार कैट आई स्टड्स लगाए जाएंगे। कोहरे अथवा कम दृश्यता वाले क्षेत्रों में सड़क के दोनों किनारों पर थर्माेप्लास्टिक रिफ्लेक्टिव पेंट से एज लाइन मार्किंग कर सड़क की सीमाएं स्पष्ट की जाएंगी।

स्पीड टेबल

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, विद्यालयों, अस्पतालों एवं प्रमुख चौराहों के समीप वाहनों की गति नियंत्रित करने हेतु स्पीड टेबल का निर्माण कराया जाएगा। तीव्र मोड़ों, पुलों के एप्रोच रोड एवं संवेदनशील स्थलों पर डेलीनेटर लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही मार्ग की दिशा एवं संभावित खतरे की जानकारी मिल सके। डिवाइडर युक्त सड़कों पर मीडियन मार्कर लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को लेन अनुशासन बनाए रखने एवं सुरक्षित रूप से वाहन संचालन में सहायता प्राप्त होगी।

स्पीड लिमिट बोर्ड

अधिक आबादी वाले क्षेत्रों, विद्यालयों, अस्पतालों एवं बाजारों के निकट गति सीमा संबंधी बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे चालक निर्धारित गति सीमा का पालन कर सकें एवं दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। ऐसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे, जहां मुख्य मार्ग किसी अन्य मार्ग से जुड़ता है, ताकि वाहन चालक पूर्व से सतर्क होकर सुरक्षित ढंग से वाहन चला सकें। टी-जंक्शन, वाई-जंक्शन तथा अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सड़क पर सफेद एवं पीले रंग की थर्माेप्लास्टिक पट्टियों द्वारा रिपीटेड बार मार्किंग कराई जाएगी। वाहन गुजरने पर उत्पन्न होने वाली ध्वनि एवं कंपन चालक को तुरंत सतर्क कर गति नियंत्रित करने में सहायक होंगे।