केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि महंगाई से त्रस्त देश और प्रदेश की जनता: सपा
केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि महंगाई से त्रस्त देश और प्रदेश की जनता: सपा
प्रयागराज, 08 मार्च । देश में रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में हुई ताजा बढ़ोतरी को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का कहना है कि बढ़ती महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से गरीब व मध्यम वर्ग की रसोई पर सीधा असर पड़ेगा।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नारे “जब जाएंगे भाजपाई, तभी घटेगी महंगाई” को आम जनता के दिल की आवाज बताते हुए सपा के प्रदेश प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने कहा कि यह केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि महंगाई से त्रस्त देश और प्रदेश की जनता की वास्तविक पीड़ा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट और बिगड़ेगा। पहले से बढ़ती महंगाई के बीच यह फैसला लोगों की परेशानियां बढ़ाने वाला है। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि आम आदमी की आय के मुकाबले खर्च तेजी से बढ़ गया है।
सपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव के दौरान महंगाई कम करने और जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
सपा नेताओं के अनुसार, ग्रामीण और शहरी गरीब परिवारों के लिए रसोई गैस पहले ही महंगी हो चुकी है। ऐसे में कीमतों में नई बढ़ोतरी से कई परिवारों को मजबूरी में फिर से पारंपरिक ईंधन की ओर लौटना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए और रसोई गैस जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम कम कर आम जनता को राहत देनी चाहिए।
प्रवक्ता का दावा है कि बढ़ती महंगाई और गैस-पेट्रोल की कीमतें आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनेंगी और इसका असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिल सकता है।