एनसीआर : महाप्रबंधक ने दादरी-टूंडला रेलखंड का निरीक्षण कर दिये निर्देश
एनसीआर : महाप्रबंधक ने दादरी-टूंडला रेलखंड का निरीक्षण कर दिये निर्देश
प्रयागराज, 06 मई । उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को दादरी-टूंडला रेलखंड का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने देते हुए बताया कि सर्वप्रथम दादरी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त रेल लाइनों के निर्माण, अधिक ट्रेनों के संचालन तथा उनके अनुरक्षण हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों के साथ दादरी स्टेशन पर ट्रेनों के बढ़ते परिचालन एवं मेंटीनेंस सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श भी किया।
महाप्रबंधक ने खुर्जा रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। खुर्जा स्टेशन का विकास अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने यहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान महाप्रबंधक ने निर्देशित किया कि प्लेटफार्म का अधिकतम हिस्सा यात्रियों की सुविधा एवं आवागमन हेतु खुला एवं व्यवस्थित रखा जाए तथा विभिन्न एस्टेब्लिशमेंट एवं अन्य संरचनाओं को प्लेटफार्म के पीछे की ओर विकसित किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा भविष्य में बढ़ती यात्री एवं परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन विस्तार से संबंधित संभावनाओं एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को निःशुल्क शीतल जल उपलब्ध करा रही स्वयंसेवी संस्था मानव उपकार संस्थान के सदस्यों से मुलाकात कर उनके सेवा कार्यों की सराहना की एवं उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही हाथरस रेलवे स्टेशन पर मंदबुद्धि एवं दिव्यांग सशक्तिकरण संस्थान के सदस्यों से भेंट कर उनके सामाजिक योगदान की प्रशंसा की। इस दौरान मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिवम शर्मा, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर चतुर्थ अभिलय कुमार, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक गति शक्ति यूनिट दीपक भारद्वाज सहित मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।