कुल्टी के बहुचर्चित गोपाल महतो हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपित को पांच दिनों की पुलिस हिरासत

कुल्टी के बहुचर्चित गोपाल महतो हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपित को पांच दिनों की पुलिस हिरासत

दुर्गापुर, 08 मई । आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की कुल्टी थाना पुलिस को गोपाल महतो हत्याकांड मामले में बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपित कृष्णा नुनिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जेल से गिरफ्तार कर शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित की जमानत खारिज करते हुए उसे पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिनाकुड़ी निवासी गोपाल महतो की हत्या 19 अगस्त 2025 को हुई थी। घटना के बाद से ही कृष्णा नुनिया फरार चल रहा था। लंबे समय तक जांच और तकनीकी निगरानी के बाद नियामतपुर चौकी की पुलिस को उसके उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली। इसी दौरान मोबाइल चोरी के एक मामले में कृष्णा नुनिया प्रयागराज में गिरफ्तार होकर जेल में बंद था। जानकारी मिलते ही नियामतपुर चौकी की पुलिस उत्तर प्रदेश पहुंची और ट्रांजिट रिमांड पर उसे आसनसोल लाया गया। शुक्रवार सुबह आरोपित को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की। अदालत ने पांच दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर कर ली।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कृष्णा नुनिया से पूछताछ में हत्या की साजिश और अन्य आरोपितों की भूमिका को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

उल्लेखनीय है कि गोपाल महतो को चिनाकुड़ी स्थित उनके घर से बुलाकर कुछ बदमाशों ने दूर एक मैदान में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक के परिवार ने कृष्णा नुनिया सहित कई लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।