लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 शुरू, जौनपुर के 21 केंद्रों पर 9696 परीक्षार्थी शामिल

लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 शुरू, जौनपुर के 21 केंद्रों पर 9696 परीक्षार्थी शामिल

लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 शुरू, जौनपुर के 21 केंद्रों पर 9696 परीक्षार्थी शामिल

जौनपुर, 21 मई। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 गुरुवार को जौनपुर जनपद के 21 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। परीक्षा एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। जनपद में कुल 9696 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है।

स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए 21 जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 10 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली गई हैं।उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की सतत निगरानी की जा रही है। आयोग की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस प्रशासन को सतर्कता बरतने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने को कहा गया है। यातायात निरीक्षक को भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।