कानून व्यवस्था ध्वस्त, सरकार हर मोर्चे पर विफल : शिवपाल
कानून व्यवस्था ध्वस्त, सरकार हर मोर्चे पर विफल : शिवपाल
कानपुर, 13 फरवरी । उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और शासन-प्रशासन ठप नजर आ रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। यह बातें शुक्रवार को जनपद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की जसवंतनगर सीट से विधायक शिवपाल सिंह यादव ने कही।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव आज कानपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
शिवपाल यादव ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि सरकार इन समस्याओं पर नियंत्रण पाने में असफल रही है, जिससे आम जनता परेशान है। प्रशासनिक तंत्र निष्क्रिय हो चुका है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। साथ ही उन्होंने भाजपा पर जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 चुनाव को देखते हुए विपक्ष ने अभी से आक्रामक रुख अपना लिया है। विभिन्न जिलों में नेताओं के लगातार दौरे और जनसभाएं इसी रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।