डिग्री के साथ नौकरी की तैयारी, इग्नू ने जगाई करियर की उम्मीद

डिग्री के साथ नौकरी की तैयारी, इग्नू ने जगाई करियर की उम्मीद

डिग्री के साथ नौकरी की तैयारी, इग्नू ने जगाई करियर की उम्मीद

मीरजापुर, 12 अगस्त । बदलते दौर में नौकरी की दौड़ अब केवल डिग्री से नहीं, बल्कि कौशल और नए अवसरों से तय हो रही है। बुधवार काे इसी संदेश के साथ मीरजापुर जिले के जीडी बिनानी पीजी कॉलेज स्थित युवाओं के लिए उम्मीद का मंच बन गया। शहर के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने रोजगारपरक पाठ्यक्रमों, कौशल विकास और उच्च शिक्षा के नए विकल्पों को लेकर उत्साहपूर्वक जानकारी ली।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र वाराणसी के सहायक निदेशक डॉ. श्रवण कुमार पाण्डेय ने कहा कि आज का युवा यदि समय के साथ कौशल विकसित कर ले तो उसके लिए सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में अवसरों के द्वार खुल सकते हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई किसी उम्र की मोहताज नहीं है। जो विद्यार्थी आर्थिक, पारिवारिक या अन्य कारणों से शिक्षा बीच में छोड़ चुके हैं, उनके लिए इग्नू नई शुरुआत का सशक्त माध्यम है। सत्र में जब यह जानकारी दी गई कि इग्नू से एक साथ दो डिग्री प्राप्त की जा सकती है, तो विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कम शुल्क, निःशुल्क अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया ने भी छात्रों को आकर्षित किया। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम, बीबीए, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास, एमएसएमई और अंग्रेजी भाषा जैसे पाठ्यक्रम रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में करियर निर्माण, परीक्षा प्रणाली, अध्ययन सामग्री और प्रवेश प्रक्रिया पर खुली चर्चा हुई। विद्यार्थियों ने अपनी शंकाएं पूछीं और विशेषज्ञों से व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त किया। कई छात्रों ने बताया कि उन्हें पहली बार यह महसूस हुआ कि पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार की तैयारी भी एक साथ की जा सकती है। प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह युवाओं को आत्मनिर्भर बनाए। उन्होंने इग्नू अध्ययन केंद्र को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी लेकर तुरंत आवेदन करने में रुचि दिखाई, जिससे पूरा परिसर नए सपनों और नई संभावनाओं के उत्साह से भर उठा।