औरैया में खेत की मेड़ के विवाद में महिला पर फावड़े से हमला, नाक कटी, दो आरोपित गिरफ्तार
औरैया में खेत की मेड़ के विवाद में महिला पर फावड़े से हमला, नाक कटी, दो आरोपित गिरफ्तार
औरैया, 06 नवम्बर उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र के लखनापुर गांव में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में एक महिला पर फावड़े से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी नाक कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है
घटना गुरुवार दोपहर की है। पीड़ित पक्ष के परिजन शिव प्रसाद दाेहरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी भाभी अमरावती अपने खेत में गेहूं की बुवाई करने गई थीं। उसी दौरान रामावतार पुत्र मुंशीलाल, राजीव कुमार और संजीव पुत्र गजराज सिंह खेत की मेड़ काट रहे थे। जब अमरावती ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया। इस दौरान राजीव ने फावड़े से अमरावती पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी। ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोग एकत्र हुए और घायल अमरावती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी रुद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।