जल स्तर और बढ़ा तो कई परिवार होंगे बेघर

जल स्तर और बढ़ा तो कई परिवार होंगे बेघर

जल स्तर और बढ़ा तो कई परिवार होंगे बेघर

कानपुर देहात, 26 अगस्त । लगातार हो रही बारिश के चलते जहां पहाड़ी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं उसी तरह जनपद में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में हो रही लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर खतरे के निशान के नजदीक पहुंच गया है। नदी के आस-पास के इलाकों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

कानपुर देहात का अधिकतर एक छोर यमुना नदी के किनारे बसा है। जिसमे भोगनीपुर और सिकंदरा तहसील क्षेत्र के लगभग 28 गांवों से ज्यादा में नदी के जल स्तर बढ़ने के बाद बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। आढ़न, पथार मुसरिया, नगीना, क्योंटरा, पड़ाव, कुंभापुर, नयापुरवा, भुंडा और चमीपुरवा समेत कई गांवों के रास्ते अभी से जलमग्न हो गए हैं। इन इलाकों में 8 से 10 फुट तक पानी भर गया है। लोगों को आने-जाने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। इन इलाकों में रोजमर्रा की चीजों के लिए भी काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

केंद्रीय जल आयोग, कालपी केंद्र के अनुसार यमुना का खतरे का निशान 108 मीटर है। सोमवार सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 107.82 मीटर दर्ज किया गया। यह खतरे के निशान से मात्र 18 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं मंगलवार को इसमे व्रद्धि नजर आई है। नदी में पानी प्रति घंटे 8 सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासी मोहन की माने तो यदि जलस्तर और बढ़ा तो उन्हें ऊंचाई वाले स्थानों पर जाना पड़ेगा। कई परिवार पहले से ही अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बारिश जारी रहने से आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और बिगड़ सकती है। प्रशासन की ओर से इन इलाकों में अलर्ट की स्थिति बनी हुई है। यहां पर सभी परिवारों से आग्रह किया गया है वह सुरक्षित जगह पर चले जाएं ।