बिजली विभाग के अधिकारियों ने देर रात तक किया फ्लैग मार्च
बिजली विभाग के अधिकारियों ने देर रात तक किया फ्लैग मार्च
नोएडा, 25 मई । जनपद में बढ़ती गर्मी और बिजली की बढ़ती मांग के बीच विद्युत निगम ने आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रात में भी निगरानी तेज कर दी है। बिजली विभाग के अधिकारी देर रात विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च कर बिजली आपूर्ति की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। रविवार की देर रात को भी टीम ने फील्ड में उतर कर जायजा लिया। जहां कहीं भी फॉल्ट, लो वोल्टेज या ट्रिपिंग जैसी समस्या मिल रही है, उसे मौके पर ही ठीक कराया जा रहा है।
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता तकनीकी विवेक कुमार ने साेमवार काे बताया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम अलर्ट मोड पर है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए 15 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई। सभी अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई हो सके।
उन्होंने बताया कि देर रात तक अधिकारी फील्ड में रहकर ट्रांसफार्मर, फीडर और उपकेंद्रों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में तकनीकी दिक्कत सामने आ रही है, वहां तुरंत टीम भेजकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है। गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि बिजली संबंधी समस्या होने पर तुरंत कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि जल्द समाधान कराया जा सके।