सही मतदाता सूची से ही मजबूत होगा लोकतंत्रः पवन कुमार गंगवार

सही मतदाता सूची से ही मजबूत होगा लोकतंत्रः पवन कुमार गंगवार

सही मतदाता सूची से ही मजबूत होगा लोकतंत्रः पवन कुमार गंगवार

मीरजापुर, 25 जनवरी। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजकीय इंटर कॉलेज महुवरिया के मैदान में समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलन व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर 18 वर्ष की आयु पूरे कर चुके छह नए मतदाताओं को जिलाधिकारी ने मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजरों और बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा 80 वर्ष की आयु पूरे कर चुके दो वरिष्ठ मतदाताओं को पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था तभी मजबूत होती है जब मतदाता सूची शुद्ध और अद्यतन हो। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देकर उसे शासन व्यवस्था में भागीदारी का अवसर दिया है। यदि मतदाता सूची में त्रुटियां होंगी तो लोकतंत्र कमजोर होगा। उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाली बेटियों का मतदाता पहचान पत्र अवश्य बनवाएं। साथ ही बीएलओ को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना और मतदान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची का अवलोकन कर यह सुनिश्चित करें कि उनका और उनके परिवार का नाम सूची में दर्ज है।

कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए रमाशंकर सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक मायाराम सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और युवा मतदाता उपस्थित रहे।