गौ संरक्षण, किसान कल्याण और सुशासन भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि : कुलजीत सिंह ठाकुर
गौ संरक्षण, किसान कल्याण और सुशासन भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि : कुलजीत सिंह ठाकुर
प्रयागराज, 14 जून । उत्तर प्रदेश शासन के कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य कुलजीत सिंह ठाकुर ने रविवार को प्रयागराज सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने गौ संरक्षण, किसान कल्याण और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में कुलजीत सिंह ने कहा कि आजादी के बाद जितना प्रभावी गौ संरक्षण वर्तमान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यकाल में हुआ है, उतना किसी अन्य सरकार के समय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को मजबूत बनाने के साथ-साथ किसानों की समृद्धि के लिए भी सरकार लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, उन्नत बीज एवं खाद पर सब्सिडी, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और कृषि क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।
कुलजीत सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और अब कृषि क्षेत्र को प्राकृतिक खेती की दिशा में आगे बढ़ाने का अभियान भी तेज किया जा रहा है। इससे खेती की लागत कम होगी, भूमि की उर्वरता बढ़ेगी तथा किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की समृद्धि और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए गुंडाराज और माफियाराज पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है, जिससे विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।
कुलजीत सिंह ठाकुर ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है तथा किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है।