सड़क किनारे खराब खड़े ऑटो में पीछे से कंटेनर भिड़ा, चालक समेत पांच घायल
सड़क किनारे खराब खड़े ऑटो में पीछे से कंटेनर भिड़ा, चालक समेत पांच घायल
कानपुर, 02 जुलाई उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को सरसौल फ्लाईओवर पर तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़े ऑटो में पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।
जानकारी के अनुसार ऑटो में तकनीकी खराबी आने के बाद चालक ने उसे फ्लाईओवर पर सड़क किनारे रोक दिया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे कंटेनर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया, जबकि कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में ऑटो चालक उमेश, शिव बहादुर, रश्मि, श्रीपाल और अरविंद घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसौल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
टक्कर के कारण कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की सहायता से ऑटो और कंटेनर को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।