चलती ट्रेन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस
चलती ट्रेन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, जांच में जुटी पुलिस
प्रयागराज, 08 मार्च । चलती ट्रेन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। प्रयागराज जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान सिराथू रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी नाक पर वार करने की कोशिश की, जिससे उन्हें कई जगह गहरे घाव आए।
आरोप है कि हमले के दौरान अपनी जान बचाने के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ट्रेन के बाथरूम में बंद हो गए, जिससे उनकी जान बच सकी। घटना के बाद उन्होंने प्रयागराज पहुंचकर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाने में लिखित तहरीर दी है।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने अपनी तहरीर में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, मुकुंदानन्द समेत कुछ अन्य लोगों पर साजिश के तहत उनकी नाक काटने की योजना बनाने का आरोप लगाया है। इस मामले में जीआरपी ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में जीआरपी प्रयागराज के पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने रविवार को बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेन और संबंधित स्थानों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।